हल्द्वानीः दिल्ली से आ रहे पंकज पांडे का बस में मोबाइल-पर्स लूटा, एक लाख का ट्रांजेक्शन

Haldwani News: दिल्ली से दोस्त की शादी में शामिल होने भीमताल आ रहे गणाई गंगोली (बेरीनाग) निवासी पंकज पांडे जहरखुरानों का शिकार हो गए। बदमाशों ने न सिर्फ उनका मोबाइल और पर्स लूट लिया, बल्कि उनके फोन से करीब एक लाख रुपये का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन भी कर दिया। युवक शीशमहल क्षेत्र में बेहोशी की हालत में मिला।
जानकारी के अनुसार पंकज पांडे दिल्ली के बदरपुर बॉर्डर क्षेत्र में रहते हैं और डिजिटल मार्केटिंग का काम करते हैं। वह सोमवार देर रात आनंद विहार से काठगोदाम डिपो की रोडवेज बस में सवार हुए थे। इसी दौरान रास्ते में जहरखुरानों ने उन्हें अपना निशाना बना लिया।
मंगलवार सुबह करीब पांच बजे बस स्टाफ ने उन्हें काठगोदाम के शीशमहल क्षेत्र में उतार दिया। वहां वह अचेत अवस्था में पड़े मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है।
कठघरिया निवासी हिमांशु कांडपाल ने बताया कि मंगलवार सुबह दिल्ली में रहने वाले उनके ससुर का फोन आया कि उनके बेटे पंकज के साथ कोई अनहोनी हो गई है। मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति को पंकज ने किसी तरह अपने पिता का मोबाइल नंबर बताया था। सूचना मिलने पर हिमांशु मौके पर पहुंचे तो पंकज बदहवास हालत में मिले। पंकज को तत्काल कुसुमखेड़ा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें आईसीयू में रखा गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत में हल्का सुधार है। मामले की सूचना काठगोदाम थाना पुलिस को दे दी गई है और जांच जारी है।




























