हल्द्वानी: चार आयुष्मान आरोग्य मंदिर का शुभारंभ, घर के पास मिलेगी निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा

Haldwani News: शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम क्षेत्र में चार अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर आयुष्मान आरोग्य मंदिर का शुभारंभ किया गया। महापौर गजराज बिष्ट ने भगवानपुर, दमुवाढुंगा, नारायण नगर बिठौरिया और गोकुल नगरी कुसुमखेड़ा में इन केंद्रों का उद्घाटन किया।
महापौर ने बताया कि शहर में कुल 10 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए जा रहे हैं, जहाँ प्रशिक्षित एमबीबीएस चिकित्सकों की टीम द्वारा प्रतिदिन सामान्य रोगों की जांच, परामर्श और उपचार की सुविधाएँ पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। केंद्रों पर आवश्यक दवाइयाँ, गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, बच्चों का टीकाकरण, वरिष्ठ नागरिकों की नियमित स्वास्थ्य जांच तथा हृदय रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और कैंसर जैसी गैर संचारी बीमारियों (एनसीडी) की प्राथमिक जांच एवं परामर्श भी प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह पहल विशेष रूप से गरीब, श्रमिक और दूरस्थ बस्तियों में रहने वाले लोगों को ध्यान में रखकर शुरू की गई है, जिन्हें अस्पतालों तक पहुँचने में दूरी और आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ता था। अब नागरिकों को उनके घर के नजदीक ही स्वास्थ्य सेवाएँ मिल सकेंगी, जिससे समय पर उपचार और स्वास्थ्य असमानता में कमी आएगी।
महापौर ने बताया कि इन केंद्रों पर उपचार के साथ-साथ स्वास्थ्य जागरूकता, पौष्टिक आहार, स्वच्छता और निवारक स्वास्थ्य उपायों की जानकारी भी दी जाएगी। नगर निगम द्वारा केंद्रों के सुचारु संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएंगी।
कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि डॉ. अशोक चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित रहेंगे। यहाँ डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड प्रणाली लागू की गई है, जिससे मरीजों का स्वास्थ्य डेटा सुरक्षित रहेगा और भविष्य के उपचार में सुविधा मिलेगी। साथ ही टेलीमेडिसिन के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों से ऑनलाइन परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि सभी अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहाँ उपचार के साथ जनजागरूकता और सामुदायिक सहभागिता को भी प्राथमिकता दी जाएगी। स्वस्थ नगर, सुरक्षित नागरिक के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इससे पूर्व रामपुर रोड देवलचौड़ और गौजाजाली क्षेत्र में भी दो केंद्र शुरू किए जा चुके हैं।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा कंचन उप्रेती, पार्षद तनुजा जोशी, दीपक बिष्ट, सुरेंद्र मोहन नेगी, प्रमोद पंत, धीरज पाण्डेय, अरुण टम्टा, महेश जोशी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



















