हल्द्वानी:(बड़ी खबर)- आप को लगा झटका, दो बार के जिला अध्यक्ष रहे राजीव लोचन यूकेडी में शामिल

हल्द्वानी। आम आदमी पार्टी के दो बार जिला अध्यक्ष रह चुके राजीव लोचन ने आज औपचारिक रूप से उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) की सदस्यता ग्रहण कर ली। पार्टी पदाधिकारियों की मौजूदगी में उन्होंने यूकेडी को मजबूत बनाने का संकल्प लिया और कहा कि प्रदेशहित के मुद्दों पर अब निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद राजीव लोचन ने कहा कि उत्तराखंड राज्य बने 25 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन आज भी प्रदेश के पास स्थायी राजधानी नहीं है। छोटा सा राज्य दो राजधानियों का बोझ झेल रहा है, जो जनता पर अतिरिक्त दबाव डालता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मूल निवासी युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता नहीं मिल रही है, जबकि बाहरी लोगों को अधिक अवसर दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इन सभी ज्वलंत मुद्दों को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल शुरू से संघर्ष करता आया है। हाल ही में हुए विशेष सत्र में भी जिन विषयों पर चर्चा हुई, वे वही मुद्दे हैं जिन्हें यूकेडी लंबे समय से उठाती रही है। उनके अनुसार, अब राष्ट्रीय दलों को भी इस बात का अंदेशा है कि यूकेडी प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर प्रभावशाली वापसी कर सकती है।
राजीव लोचन ने स्पष्ट कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में यूकेडी पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक जो भी दल सत्ता में आया, उसने उत्तराखंड को लूटने का काम किया। आज पहाड़ों से लगातार पलायन हो रहा है, मूलभूत सुविधाओं का अभाव है और आम जनता त्रस्त है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे क्षेत्रीय स्वाभिमान और राज्य की मूल भावना को सशक्त करने के लिए यूकेडी का साथ दें।



















