हल्द्वानीः आइडियल पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव की धूम, रंगारंग कार्यक्रमों ने जीता अभिभावकों का दिल

हल्द्वानी। जीतपुर नेगी स्थित आइडियल पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव समारोह बड़े ही हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजे इस आयोजन ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का दिल जीत लिया। विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहां विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक चेतना साफ झलक रही थी।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक विरेन्द्र सिंह नेगी एवं प्रधानाध्यापिका उमा नेगी ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर किया। इसके पश्चात गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुति ने शुरुआत से ही दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इसके बाद एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मंच पर देखने को मिलीं। विद्यार्थियों ने कुमाऊंनी और गढ़वाली लोकगीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे बच्चों के नृत्य ने सभागार को तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजा दिया। अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक तालियां बजाकर बच्चों का हौसला बढ़ाया।

कार्यक्रम में नृत्य-नाटिकाओं के माध्यम से छात्रों ने समाज को सत्य, नैतिकता और कर्तव्यबोध का संदेश दिया। विशेष रूप से राजुला–मालूशाही की लोककथा का सुंदर नाट्य रूपांतरण दर्शकों को भावुक कर गया। गीत, संवाद और भाव-भंगिमाओं के माध्यम से प्रस्तुत इस कथा ने उत्तराखंड की लोक विरासत को मंच पर जीवंत कर दिया। वहीं नरसिंह अवतार की प्रस्तुति ने दर्शकों के रोंगटे खड़े कर दिए और खूब सराहना बटोरी। छोटे-छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत ऊर्जावान नृत्य ने पूरे कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया।

इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका उमा नेगी ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनमें आत्मविश्वास के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करते हैं। कार्यक्रम में शिक्षिकाएं मंजू, नंदनी, आशा, पूनम, ममता, मोनिका, दीपा आर्या, लीला, शालिनी, भूपेंद्र सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन यश नेगी ने किया।



















