उत्तराखंड के युवाओं को ग्राफिक एरा का तोहफा, डिप्लोमा व सिविल सेवा की मुफ्त तैयारी

खबर शेयर करें

हल्द्वानी: प्रोफेशनल एजुकेशन और प्लेसमेंट के क्षेत्र में कई कीर्तिमान स्थापित करने वाले ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने उत्तराखंड के युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए एक बड़ी पहल की घोषणा की है। ग्राफिक एरा ग्रुप के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने सोमवार को बताया कि आगामी शैक्षणिक सत्र से राज्य के गरीब परिवारों के बच्चों को इंजीनियरिंग डिप्लोमा, होटल मैनेजमेंट और सिविल सेवाओं की तैयारी के लिए निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।

ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ. घनशाला ने बताया कि यूनिवर्सिटी की बीएससी (ऑनर्स) फिजिक्स की पूर्व छात्रा मिनल नेगी का भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में चयन उत्तराखंड की प्रतिभाओं का उदाहरण है। उन्होंने सिविल सर्विसेज परीक्षा में देशभर में 66वीं रैंक हासिल की है। टिहरी जिले के डोबरा महड़ गांव के एक शिक्षक की बेटी मिनल ने सीमित संसाधनों के बावजूद यह उपलब्धि हासिल कर प्रदेश के युवाओं को प्रेरित किया है।

इसी तरह ग्राफिक एरा के भीमताल परिसर की बीटेक सिविल इंजीनियरिंग की छात्रा कर्निका नेगी ने भारतीय इंजीनियरिंग सेवा (आईईएस) में देशभर में 152वीं रैंक प्राप्त की है।

ग्राफिक एरा के छात्रों को देश-विदेश की बड़ी कंपनियों में आकर्षक पैकेज पर प्लेसमेंट भी मिला है। भीमताल परिसर से गुंजन भनवाल को एटलेशियन में 66.01 लाख रुपये वार्षिक, विभा चंदोला को गूगल में 54.84 लाख रुपये, जबकि सानिया पांडेय, मुकेश नेगी और शैलेश रौतेला को अमेजॉन में 47.88 लाख रुपये के पैकेज पर चयन मिला है। वहीं करन मटियाली और मयंक जोशी को वीजा कंपनी में 32.88 लाख रुपये वार्षिक पैकेज मिला है। हल्द्वानी परिसर से नेहा भट्ट को एटलेशियन में 61.99 लाख रुपये के पैकेज पर प्लेसमेंट मिला है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: कुवैत, सऊदी अरब, बहरीन और यूएई में फंसे लोगों की मदद को आगे आया प्रशासन, आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी

डॉ. घनशाला ने बताया कि उत्तराखंड में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, इसलिए ग्राफिक एरा ने देहरादून और हल्द्वानी में प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी के लिए उच्च स्तरीय प्रशिक्षण शुरू करने का निर्णय लिया है। गरीब परिवारों के प्रतिभाशाली युवाओं को यह प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई युवा बिना किसी औपचारिक प्रशिक्षण के होटल उद्योग में काम करने लगते हैं, जिससे उन्हें नीचे से शुरुआत करनी पड़ती है। इस स्थिति को देखते हुए ग्राफिक एरा ने गरीब परिवारों के युवाओं के लिए देहरादून और हल्द्वानी में एक वर्ष का होटल मैनेजमेंट कोर्स निशुल्क कराने की योजना बनाई है। इस कोर्स में इंडस्ट्री ट्रेनिंग भी शामिल होगी, जिससे युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।

इसके साथ ही युवाओं को गढ़वाल और कुमाऊं के गांवों में खाली पड़े घरों को होम-स्टे के रूप में विकसित कर स्वरोजगार शुरू करने के लिए भी प्रशिक्षित किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: दिल्ली की महिला पर्यटक से दुष्कर्म का प्रयास, टैक्सी चालक दीपक बोरा गिरफ्तार, ऐसी बची महिला

डॉ. घनशाला ने बताया कि ग्राफिक एरा अपने दो विश्वविद्यालयों, चार परिसरों और मेडिकल कॉलेज के माध्यम से देहरादून, भीमताल और हल्द्वानी में विश्वस्तरीय फैकल्टी और आधुनिक तकनीक के जरिए उच्च स्तरीय प्रोफेशनल और टेक्निकल शिक्षा प्रदान कर रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को भी इसका लाभ मिल सके, इसके लिए आगामी सत्र से देहरादून और भीमताल में इंजीनियरिंग डिप्लोमा कोर्स निशुल्क शुरू किए जाएंगे।

इनमें कंप्यूटर साइंस, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग और सिविल इंजीनियरिंग के डिप्लोमा कोर्स शामिल होंगे। हालांकि चयनित छात्र-छात्राओं को अपनी आवासीय व्यवस्था स्वयं करनी होगी।

पत्रकार वार्ता में ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी हल्द्वानी परिसर के निदेशक डॉ. मनोज लोहानी, भीमताल परिसर के निदेशक प्रो. (कर्नल) ए.के. नायर समेत अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad

पहाड़ प्रभात डैस्क

समाजशास्त्र में मास्टर की डिग्री के साथ (MAJMC) पत्रकारिता और जनसंचार में मास्टर की डिग्री। पत्रकारिता में 15 वर्ष का अनुभव। अमर उजाला, वसुन्धरादीप सांध्य दैनिक में सेवाएं दीं। प्रिंट और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म में समान रूप से पकड़। राजनीतिक और सांस्कृतिक के साथ खोजी खबरों में खास दिलचस्‍पी। पाठकों से भावनात्मक जुड़ाव बनाना उनकी लेखनी की खासियत है। अपने लंबे करियर में उन्होंने ट्रेंडिंग कंटेंट को वायरल बनाने के साथ-साथ राजनीति और उत्तराखंड की संस्कृति पर लिखने में विशेषज्ञता हासिल की है। वह सिर्फ एक कंटेंट क्रिएटर ही नहीं, बल्कि एक ऐसे शख्स हैं जो हमेशा कुछ नया सीखने और ख़ुद को बेहतर बनाने के लिए तत्पर रहते हैं। देश के कई प्रसिद्ध मैगजीनों में कविताएं और कहानियां लिखने के साथ ही वह कुमांऊनी गीतकार भी हैं अभी तक उनके लिखे गीतों को कुमांऊ के कई लोकगायक अपनी आवाज दे चुके है। फुर्सत के समय में उन्हें संगीत सुनना, किताबें पढ़ना और फोटोग्राफी पसंद है। वर्तमान में पहाड़ प्रभात डॉट कॉम न्यूज पोर्टल और पहाड़ प्रभात समाचार पत्र के एडिटर इन चीफ है।