Breaking: उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मौसम बदलेगा, तूफान और बिजली गिरने का येलो अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में शनिवार को मौसम बिगड़ने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान चलने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं तापमान में भी सामान्य से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पर्वतीय क्षेत्र मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से चार डिग्री अधिक 9.3 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी देखने को मिली।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम में बदलाव बना रह सकता है। पूर्वानुमान के मुताबिक 19 मार्च तक प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।












