Breaking: देहरादून में फिर गोलीकांड, स्टोन क्रशर संचालक की हत्या

देहरादून। राजधानी देहरादून में अपराध का ग्राफ थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक माह के भीतर लगातार पांचवीं हत्या की वारदात ने शहर में सनसनी फैला दी है। ताजा मामला देहरादून के चर्चित सिल्वर सिटी मॉल का है, जहां दिनदहाड़े एक युवक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्टोन क्रशर संचालक जिम करने के लिए मॉल परिसर में आया था। इसी दौरान पहले से घात लगाए दो हमलावर मॉल के अंदर घुस आए और युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उसका शव मॉल की सीढ़ियों पर पड़ा मिला, जिसे देखकर वहां अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। मॉल के बाहर मुख्य सड़क पर एक बाइक चालक को पहले से तैयार स्थिति में खड़ा रखा गया था। गोली मारने के बाद दोनों हमलावर बाहर निकले और तीसरे साथी के साथ बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। लगातार हो रही हत्याओं से देहरादून में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।



















