हल्द्वानी: ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में ‘भारत बौद्धिक’ राष्ट्रीय परीक्षा संपन्न

हल्द्वानी: विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान (VBUSS) द्वारा दिल्ली विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रमाणन परीक्षा ‘भारत बौद्धिक (Bharat BoudhIKS)’ का आयोजन ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, हल्द्वानी परिसर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप आयोजित इस परीक्षा का उद्देश्य युवाओं को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक एवं बौद्धिक विरासत (Indian Knowledge System – IKS) से जोड़ना है।
इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर से चयनित मेरिट के आधार पर शीर्ष 100 प्रतिभागियों को विशेष सम्मान, पुरस्कार तथा शैक्षणिक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी हल्द्वानी परीक्षा केंद्र पर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विभिन्न पाठ्यक्रमों से जुड़े 225 छात्रों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 169 छात्र-छात्राओं ने ऑफलाइन मोड में परीक्षा में भाग लिया।
ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी हल्द्वानी के निदेशक डॉ. एम.सी. लोहनी ने परीक्षार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में सहायक होती हैं और उन्हें वैश्विक मंच पर भारत के ज्ञान-विज्ञान का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार करती हैं।
इस परीक्षा के नोडल ऑफिसर एवं परिसर के IKS सेल प्रमुख संदीप अभिषेक ने कहा कि छात्रों की बड़ी भागीदारी यह दर्शाती है कि आज का युवा भारत की परंपराओं को आधुनिक दृष्टिकोण से समझने और आत्मसात करने के लिए उत्सुक है।


















