अल्मोड़ा: रेखा आर्या बनीं प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना की राज्य सलाहकार समिति की सदस्य

Almora News: भारतीय जनता पार्टी जिला अल्मोड़ा की जिला मंत्री और वरिष्ठ नेत्री रेखा आर्या को प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना की राज्य सलाहकार समिति का सदस्य मनोनीत किया गया है। राज्यपाल की स्वीकृति के बाद उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से कुल 6 लोगों को समिति में शामिल किया गया है, जिनमें अल्मोड़ा की रेखा आर्या भी महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में नियुक्त हुई हैं।
यह योजना सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के तहत संचालित केंद्र प्रायोजित योजना है, जिसका उद्देश्य अनुसूचित जाति समुदायों का सामाजिक-आर्थिक उत्थान करना है। योजना के तहत कौशल विकास, आय सृजन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, छात्रावास निर्माण, आवासीय विद्यालयों की स्थापना, बुनियादी ढांचे का विकास और व्यापक आजीविका परियोजनाओं को गति दी जाती है। साथ ही SC बहुल गांवों में आवश्यक सेवाओं और सुविधाओं को सुदृढ़ कर समाज के कमजोर वर्गों के जीवन स्तर में सुधार लाना इसका प्रमुख लक्ष्य है।
सलाहकार समिति राज्य में इन परियोजनाओं की दिशा, क्रियान्वयन और प्रभावी निगरानी की जिम्मेदारी संभालेगी। रेखा आर्या ने इस दायित्व के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, संगठन मंत्री अजय जी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या सहित शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे इस दायित्व का पूर्ण मनोयोग से निर्वहन करेंगी और अनुसूचित जाति समाज को भारतीय जनता पार्टी से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य करती रहेंगी।
















