उत्तराखंडः मंदिर में सो रहे सेवादार की बेरहमी से हत्या, CCTV खंगाल रही पुलिस

रुड़की के भोगपुर गांव के पास स्थित खाटू श्याम मंदिर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मंदिर परिसर में रात के समय सो रहे सेवादार की बदमाशों ने सिर पर भारी वस्तु से वार कर हत्या कर दी। घटना का खुलासा रविवार सुबह उस समय हुआ जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर के गोधना निवासी 65 वर्षीय राजवीर पिछले करीब दो महीनों से मंदिर में सेवा कर रहे थे और रात में वहीं प्रांगण में सोते थे। शनिवार रात भी वह मंदिर परिसर में सोए हुए थे। रविवार सुबह एक ग्रामीण जब मंदिर पहुंचा तो उसने राजवीर को खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा देखा। यह दृश्य देखकर वह घबरा गया और तुरंत गांव में सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस क्षेत्राधिकारी लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी, कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी और भिक्कमपुर चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बदमाश चोरी के इरादे से मंदिर में घुसे थे। इस दौरान सेवादार के जागने और विरोध करने पर आरोपियों ने उनके सिर पर भारी वस्तु से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।























