उत्तराखंड: अब चंपावत में एक दिन पहले दुल्हन निकली कोरोना पॉजिटिव, पीपीई किट में शादी कर बिन दुल्हन लौटी बरात

Champawat News- कोरोनाकाल में पहाड़ में शादियों का सीजन जोरों पर है। पहले अल्मोड़ा में पीपीई किट पहनकर शादी की गई, अब चंपावत में भी पीपीई किट पहनकर शादी संपन्न हुई। यहां शादी से एक दिन पहले दुल्हन कोरोना पॉजिटिव मिली तो शनिवार को बारात आयी। पीपीई किट में प्रशासन की मौजूदगी में दूल्हा-दुल्हन ने सात फेरे लिए। शादी के बाद दुल्हन व उसके परिवार को 17 दिन क्वारंटीन पर रखा गया है। 17 दिन के बाद सैंपलिंग होगीं।। इसके बाद अगर निगेटिव रिपोट्र आती है तो दुल्हन की विदाई की जाएगी। वहीं शादी के बाद बारात वापस चली गई।
दरअसल चंपावत के बेलखेत निवासी सीमा बोहरा पुत्री दीवान सिंह बोहरा की शादी ऊधमसिंह नगर चकरपुर खटीमा निवासी पंकज अधिकारी पुत्र जोत सिंह से तय हुई। शनिवार को विवाह होना था। पांच दिन पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम बेलखेत क्षेत्र से लोगों की सैंपलिंग ले गई थी जिसमें दुल्हन भी शामिल थी। गुरुवार को यहां 32 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले तो गांव में हडक़ंप मच गया। क्योंकि दुल्हन भी कोरोना पॉजिटिव थी। परिजनों ने इसकी सूचना प्रशासन को दी कि शनिवार को शादी है। जिसके बाद प्रशासन की अनुमति लली गई अन्य रिश्तेदारों के शादी में आने पर रोक लगाई गई और पीपीई किट पहनकर शादी का निर्णय लिया गया।
शनिवार को दूल्हा पंकज, उसका भाई सुनील, मनोज, पंडित जगदीश कलोनी व ड्राइवर नरेश के साथ जगबुढ़ा पुल पर कोरोना जांच कराने के बाद बरात लेकर बेलखेत पहुंचे। इस दौरान नदी पार एकांत में शादी की तैयारी की गई। शादी में डा. गिरेंद्र चौहान, डा. मनीष बिष्ट, पटवारी अमित सिपाल, दूल्हा-दुल्हन समेत उसके भाईयों ने पीपीई किट पहनाई। विवि-विधान से शादी की रस्में पूरी हुई। दूल्हा पक्ष के लोग अपने साथ खाना भी लाये थे। फिर चार बजे बरात बिना दुल्हन के विदा हो गई।
पटवारी अमित ने दुल्हन व उसके स्वजनों को 17 दिन होम आइसोलेशन में रहने का नोटिस दिया है। एक बार फिर दुल्हन की सैंपलिंग की जाएगी। अगर रिपोर्ट निगेटिव आयी तो दुल्हन की विदाई की जाएगी। शादी समारोह में करीब 10 लोग शामिल रहे। शादी संपन्न होने के बाद कोरोना सैंपलिंग नोडल डा. गिरेंद्र चौहान बेलखेत क्षेत्र में लोगों की सैंपलिंग ली। करीब 300 लोगों की सैंपलिंग हुई। इससे पहले यहां 32 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले थे। जिसमें दुल्हन भी शामिल थी। ऐसे में प्रशासन द्वारा यहां कंटेनमेंट जोन बनाया जा रहा है।










