हल्द्वानी: गौलापार कॉलेज में उत्साहपूर्वक मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस

Haldwani News: राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर गोलापार में एनएसएस इकाई और रेडक्रॉस इकाई के संयुक्त तत्वावधान में जनजातीय गौरव दिवस गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. संजय कुमार ने की। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास, संघर्ष और संस्कृति भारतीय सभ्यता का अहम हिस्सा हैं, और नई पीढ़ी को इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अर्चना जोशी ने किया। हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. डी.सी. पाण्डेय ने जनजातीय ज्ञान परंपरा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आदिवासी समाज प्रकृति आधारित जीवन, सामुदायिक सहयोग और विशिष्ट ज्ञान प्रणालियों के लिए जाना जाता है।
डॉ. आशीष ने जनजातीय जीवन के सांस्कृतिक पक्षों पर अपने विचार रखते हुए कहा कि जनजातीय संगीत, लोकनृत्य, कला और पारंपरिक रीति-रिवाज़ भारतीय सांस्कृतिक विविधता की अमूल्य धरोहर हैं। इस दौरान डॉ. अर्चना जोशी ने बिरसा मुंडा सहित कई महान जनजातीय नायकों के योगदान और उनकी ऐतिहासिक भूमिकाओं को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण डॉ. पी. सी. मठपाल, डॉ. किरण, डॉ. गौरव, डॉ. भारती, डॉ. कंचन, डॉ. सुरुचि, डॉ. रीमा, डॉ. पूजा, डॉ. सुरेश जोशी उपस्थित रहे और उन्होंने जनजातीय समाज के गौरवशाली योगदान पर अपने विचार साझा किए। अंत में, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं संकाय सदस्यों ने सहभागिता कर जनजातीय परंपराओं एवं संस्कृति के संरक्षण का संकल्प लिया।



















