कपकोट में दर्दनाक सड़क हादसा, बोलेरो खाई में गिरी, दो महिलाओं की मौत, पांच घायल

बागेश्वर। जनपद बागेश्वर के कपकोट क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खलझूनी की ओर जा रहा एक बोलेरो वाहन रिखाड़ी बैंड के समीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल भेजने की कार्रवाई शुरू की।
हादसे में मृत महिलाओं में से एक की पहचान पानुली देवी उर्फ करुली देवी (60 वर्षीय ) पत्नी प्रताप राम निवासी खल्झूनी गांव, सुपुली देवी ( 68 वर्षीय ) पत्नी नारायण राम निवासी खल्झूनी गांव के रूप में हुई है, घायल पांच लोगों को उपचार के लिए अस्पताल लाया जा रहा है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।












