देहरादून: वन पंचायत प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य पर वरिष्ठ वन दरोगा जीवन कांडपाल सम्मानित

देहरादून। गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रमुख वन संरक्षक, उत्तराखंड, देहरादून द्वारा भूमि संरक्षण विभाग के वरिष्ठ वन दरोगा जीवन कांडपाल को वन पंचायतों के प्रभावी प्रबंधन एवं सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
नैनीताल जनपद में कुल 490 वन पंचायतों के सापेक्ष भूमि संरक्षण वन विभाग नैनीताल के अंतर्गत 343 वन पंचायतें संचालित हैं। इन वन पंचायतों के प्रबंधन, विकास कार्यों एवं प्रस्तावों का निर्माण प्रभागीय वनाधिकारी, भूमि संरक्षण वन विभाग नैनीताल के निर्देशन में किया जाता है।
वन पंचायतों से संबंधित कार्यों में राजस्व विभाग के साथ निरंतर समन्वय स्थापित किया गया है। इसके अंतर्गत वन पंचायतों के क्षेत्रफल, नक्शे, खाता-खतौनी सहित अन्य अभिलेखों को विभागीय वेबसाइट पर अपलोड करने की प्रक्रिया भी सफलतापूर्वक पूर्ण की गई है।
जीवन कांडपाल द्वारा वन पंचायतों के सुचारू संचालन, पारदर्शिता एवं अभिलेखों के डिजिटलीकरण में किए गए उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।



































