उत्तराखंड में महंगी होगी शराब, एक्साइज ड्यूटी पर फिर लगेगा 12% वैट

Uttarakhand News: उत्तराखंड में शराब पीने वालों को 15 दिसंबर से बड़ा झटका लगने वाला है। राज्य सरकार ने आबकारी नीति 2025-26 में संशोधन करते हुए एक्साइज ड्यूटी (उत्पाद शुल्क) पर 12 फीसदी वैल्यू एडेड टैक्स (वैट) दोबारा लागू करने का फैसला किया है। इस फैसले के बाद शराब की कीमतें प्रति बोतल 40 से 100 रुपये तक बढ़ जाएंगी।
आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल ने बताया कि शासनादेश जारी होने के बाद नई दरों को पारदर्शी तरीके से लागू करने की टाइम-लाइन तय कर दी गई है। विभाग ने दरों को अपडेट करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा था, जिसमें 15 दिसंबर तक प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
उल्लेखनीय है कि नीति बनाते समय एक्साइज ड्यूटी पर वैट हटाया गया था, क्योंकि पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में यह टैक्स नहीं लिया जाता। लेकिन वित्त विभाग ने इस कदम पर आपत्ति जताई, जिसके बाद सरकार ने वैट को फिर से जोड़ने का निर्णय लिया।
नई दरों के तहत कंट्री मेड अंग्रेजी शराब के पव्वे पर 10 रुपये और बोतल पर 40 रुपये तक की बढ़ोतरी होगी, जबकि विदेशी शराब की बोतलों के दाम 100 रुपये तक बढ़ सकते हैं। पहले ही हिमाचल, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की तुलना में उत्तराखंड में शराब महंगी है, ऐसे में यह बढ़ोतरी उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डालेगी।



















