हल्द्वानीः डिप्रेशन से जूझ रहे 80 वर्षीय बुजुर्ग ने लगाई गौला बैराज में छलांग

Haldwani News: काठगोदाम क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया, जब गौला बैराज में कूदे एक बुजुर्ग व्यक्ति को जल पुलिस ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना 03 अप्रैल 2026 की है, जब जल पुलिस के प्रताप गड़िया को दीपक भण्डारी द्वारा सूचना दी गई कि एक व्यक्ति गौला बैराज में कूद गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर बुजुर्ग को पानी से सुरक्षित बाहर निकाला।

पूछताछ में व्यक्ति की पहचान मोहन चन्द्र उपाध्याय (80 वर्ष), निवासी गंगाविहार, कुसुमखेड़ा के रूप में हुई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उनके परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उनके पुत्र यत्तीश उपाध्याय और ममता उपाध्याय मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने बताया कि मोहन चन्द्र उपाध्याय डिप्रेशन से पीड़ित हैं और उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बुजुर्ग को सुरक्षित उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और पुलिस की तत्परता ने एक जान बचा ली।






















