चमोली में बड़ा हादसा: विष्णुगाड-पीपलकोटी परियोजना में दो लोको ट्रेनों की टक्कर, 60 घायल

Chamoli News: चमोली जिले में देर रात एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। टीएचडीसी की निर्माणाधीन विष्णुगाड-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की सुरंग के भीतर मजदूरों को लाने-ले जाने वाली दो लोको ट्रेनें आपस में टकरा गईं। इस दुर्घटना में करीब 60 लोग घायल हो गए। घटना रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, परियोजना की लगभग 13 किलोमीटर लंबी सुरंग में उस समय 100 से अधिक अधिकारी, कर्मचारी और मजदूर कार्यरत थे। इन्हीं के आवागमन के लिए इस्तेमाल की जा रही दो लोको ट्रेनों में अचानक टक्कर हो गई, जिससे सुरंग के अंदर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद सुरक्षा कारणों से सुरंग में चल रहा निर्माण कार्य तत्काल रोक दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे। उन्होंने वहां भर्ती घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 60 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 42 घायलों का उपचार जिला अस्पताल गोपेश्वर में किया जा रहा है, जबकि 17 घायल मजदूरों को विवेकानंद अस्पताल पीपलकोटी में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन पूरे मामले की निगरानी कर रहा है।


























