कालाढूंगी: रंजिश में ट्रैक्टर से रौंदने की कोशिश, आरोपी 12 घंटे में गिरफ्तार

खबर शेयर करें

Haldwani News: चकलुवा क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते कार सवार युवक को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर के साथ एक अवैध तमंचा भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 31 मार्च की रात करीब 9:30 बजे लच्छमपुर निवासी हिमांशु देऊपा अपनी नई कार से चकलुवा स्थित एक ढाबे पर खाना खाने पहुंचे थे। इसी दौरान प्रतापपुर निवासी प्रवीण सिंह देऊपा ने जान से मारने की नियत से ट्रैक्टर से उनकी कार पर कई बार टक्कर मार दी। इस हमले में हिमांशु और उनका साथी घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली कालाढूंगी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने 1 अप्रैल को नैनीताल मार्ग से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा (315 बोर) भी बरामद हुआ है। इस संबंध में शस्त्र अधिनियम के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  रामनगर: पुलिस के जाल में फंसा शातिर, 2 साल से इस कांड के बाद था फरार

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच खनन सामग्री को लेकर पुराना विवाद चल रहा था, जिसके चलते इस घटना को अंजाम दिया गया। एसएसपी नैनीताल ने कहा है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है।

पहाड़ प्रभात डैस्क

समाजशास्त्र में मास्टर की डिग्री के साथ (MAJMC) पत्रकारिता और जनसंचार में मास्टर की डिग्री। पत्रकारिता में 15 वर्ष का अनुभव। अमर उजाला, वसुन्धरादीप सांध्य दैनिक में सेवाएं दीं। प्रिंट और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म में समान रूप से पकड़। राजनीतिक और सांस्कृतिक के साथ खोजी खबरों में खास दिलचस्‍पी। पाठकों से भावनात्मक जुड़ाव बनाना उनकी लेखनी की खासियत है। अपने लंबे करियर में उन्होंने ट्रेंडिंग कंटेंट को वायरल बनाने के साथ-साथ राजनीति और उत्तराखंड की संस्कृति पर लिखने में विशेषज्ञता हासिल की है। वह सिर्फ एक कंटेंट क्रिएटर ही नहीं, बल्कि एक ऐसे शख्स हैं जो हमेशा कुछ नया सीखने और ख़ुद को बेहतर बनाने के लिए तत्पर रहते हैं। देश के कई प्रसिद्ध मैगजीनों में कविताएं और कहानियां लिखने के साथ ही वह कुमांऊनी गीतकार भी हैं अभी तक उनके लिखे गीतों को कुमांऊ के कई लोकगायक अपनी आवाज दे चुके है। फुर्सत के समय में उन्हें संगीत सुनना, किताबें पढ़ना और फोटोग्राफी पसंद है। वर्तमान में पहाड़ प्रभात डॉट कॉम न्यूज पोर्टल और पहाड़ प्रभात समाचार पत्र के एडिटर इन चीफ है।