उत्तराखंड: जन्मदिन का केक लेने गए युवक पर हमला, फायरिंग में पांच घायल

खबर शेयर करें

Rudrapur News: जन्मदिन मनाने के लिए केक लेने दुकान पर गए रम्पुरा निवासी युवक पर पुरानी रंजिश को लेकर हमला कर दिया गया। इस दौरान बीच-बचाव को आये साथियों को देख हमलावरों ने तमंचों से फायरिंग कर दी। हमले में महिला सहित 5 लोग घायल हो गए। वहीं फायरिंग के आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गये। जिसके बाद हमलावर फरार हो गए। हमले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार रम्पुरा निवासी रिंकू श्रीवास्तव ने बताया कि वर्ष 2017 में उनके एक दोस्त पर कुछ लोगों ने हमला कर फायरिंग की थी। जिसमें वह गवाह है। इसे लेकर दूसरा पक्ष उनसे रंजिश रखता है। शुक्रवार रात जन्मदिन के लिए दुकान में केक लेने अपने दोस्त संजीव कुमार और अनिल कोली के साथ दुकान पर गया हुआ था। तभी वहां सोनू और अजय पहुंच गए और गाली-गलौच करने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनपर धारदार हथियार से हमला कर दिया। साथ ही तमंचों से कई राउंड फायरिंग कर दी।

इस दौरान हमले में रिंकू श्रीवास्तव, संजीव कुमार और अनिल कोली गोली लगने से घायल हो गए। जबकि छरा लगने से दुकानदार शंकर लाल और पास में ही बैठी कुंती देवी भी घायल हो गए। हो हल्ला होने पर लोग एकत्र होने लगे तो आरोपी फरार हो गए। सूचना पर सीओ सिटी अभय सिंह, कोतवाल विक्रम राठौर, रम्पुरा चौकी प्रभारी अम्बी राम आर्य पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और जानकारी ली। पांचों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ सिटी अभय सिंह ने बताया कि मामला पुरानी रंजिश का है। हमलावरों की तलाश की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पहाड़ प्रभात डैस्क

समाजशास्त्र में मास्टर की डिग्री के साथ (MAJMC) पत्रकारिता और जनसंचार में मास्टर की डिग्री। पत्रकारिता में 15 वर्ष का अनुभव। अमर उजाला, वसुन्धरादीप सांध्य दैनिक में सेवाएं दीं। प्रिंट और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म में समान रूप से पकड़। राजनीतिक और सांस्कृतिक के साथ खोजी खबरों में खास दिलचस्‍पी। पाठकों से भावनात्मक जुड़ाव बनाना उनकी लेखनी की खासियत है। अपने लंबे करियर में उन्होंने ट्रेंडिंग कंटेंट को वायरल बनाने के साथ-साथ राजनीति और उत्तराखंड की संस्कृति पर लिखने में विशेषज्ञता हासिल की है। वह सिर्फ एक कंटेंट क्रिएटर ही नहीं, बल्कि एक ऐसे शख्स हैं जो हमेशा कुछ नया सीखने और ख़ुद को बेहतर बनाने के लिए तत्पर रहते हैं। देश के कई प्रसिद्ध मैगजीनों में कविताएं और कहानियां लिखने के साथ ही वह कुमांऊनी गीतकार भी हैं अभी तक उनके लिखे गीतों को कुमांऊ के कई लोकगायक अपनी आवाज दे चुके है। फुर्सत के समय में उन्हें संगीत सुनना, किताबें पढ़ना और फोटोग्राफी पसंद है। वर्तमान में पहाड़ प्रभात डॉट कॉम न्यूज पोर्टल और पहाड़ प्रभात समाचार पत्र के एडिटर इन चीफ है।