उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट, 12 जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में सोमवार को भी भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र ने रेड अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के कई क्षेत्रों में अचानक बाढ़, जलभराव और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए मौसम विज्ञान विभाग के फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने कई जिलों के संवेदनशील इलाकों के लिए अगले 24 घंटे के भीतर अचानक बाढ़ आने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार लगातार बारिश से कई स्थानों की मिट्टी पहले ही पूरी तरह संतृप्त हो चुकी है। ऐसे में आगामी वर्षा के दौरान सतही जल प्रवाह तेजी से बढ़ सकता है, जिससे नदियों, गदेरों और नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका है। वहीं, निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी गंभीर हो सकती है।
रेड अलर्ट के मद्देनजर जिला प्रशासन ने एहतियातन चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, देहरादून, टिहरी सहित 12 जिलों में सभी आंगनबाड़ी केंद्रों तथा कक्षा 1 से 12 तक के विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है।
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने और मौसम विभाग व स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। आपदा प्रबंधन और राहत दलों को भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।






























