उत्तराखंड में आज भी बारिश का जोर, छह जिलों में यलो अलर्ट

हल्द्वानी। उत्तराखंड में मानसून का असर रविवार को भी बना हुआ है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, बागेश्वर, नैनीताल, पौड़ी और चमोली में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज बौछारें और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
लगातार बारिश के चलते प्रदेश में 108 सड़कें अभी भी बंद हैं। इनमें सबसे अधिक 81 ग्रामीण मार्ग प्रभावित हैं। सड़कें बंद होने से पर्वतीय क्षेत्रों में ग्रामीणों की आवाजाही और यातायात प्रभावित है।
जिलावार स्थिति देखें तो अल्मोड़ा में 8, बागेश्वर में 6, चमोली में 13, चंपावत में 2, देहरादून में 12, नैनीताल में 19, पौड़ी में 12, पिथौरागढ़ में 18, रुद्रप्रयाग में 8, टिहरी में 8 और उत्तरकाशी में 2 सड़कें बंद हैं।
कुमाऊं में नैनीताल और पिथौरागढ़ सबसे ज्यादा प्रभावित नजर आ रहे हैं। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी मार्गों पर भूस्खलन और मलबा आने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन की ओर से बंद मार्गों को खोलने का काम जारी है। मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और बंद सड़कों पर अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।






















