डाकिया बना दिल का डाकू, पहाड़ की युवती को लेकर फरार हुआ हरियाणा का डाकिया

Pithoragadh: जिले के गणाई गंगोली और बेरीनाग क्षेत्र में दो अलग-अलग प्रेम प्रसंगों के मामले सामने आने से हड़कंप मच गया है। एक ओर जहां हरियाणा निवासी डाक विभाग में तैनात पोस्टमैन पर स्थानीय युवती को अपने साथ भगा ले जाने का आरोप है, वहीं दूसरी ओर एक महिला भी सोशल मीडिया पर बने संबंध के बाद युवक के साथ चली गई है। पुलिस दोनों मामलों की गंभीरता से जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार हरियाणा निवासी एक युवक, जो पिथौरागढ़ जिले के गणाई गंगोली क्षेत्र में डाक विभाग में पोस्टमैन के पद पर कार्यरत है, पर आरोप है कि वह एक स्थानीय युवती को अपने साथ लेकर फरार हो गया। युवती के परिजनों ने बेरीनाग कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और युवती की तलाश के लिए टीम गठित की गई।


एएसआई अशोक चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने युवक के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लिया, जिसमें उसकी लोकेशन हरियाणा में पाई गई है। पुलिस के अनुसार युवती की सकुशल बरामदगी के प्रयास लगातार जारी हैं। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि संबंधित युवक को बिना पुलिस सत्यापन के किराये पर कमरा दिया गया था। इस पर पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की है।
इसी बीच क्षेत्र से एक और मामला सामने आया है, जिसमें हरिद्वार के लालढांग निवासी 26 वर्षीय युवक की फेसबुक के माध्यम से बेरीनाग क्षेत्र की 30 वर्षीय महिला से पहचान हुई थी। बताया जा रहा है कि पिछले दो वर्षों से दोनों के बीच बातचीत चल रही थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। अब महिला युवक के साथ घर छोड़कर चली गई है। पुलिस दोनों मामलों में जांच कर रही है और संबंधित लोगों की तलाश जारी है।



















