नैनीतालः घटगढ़ में वाइन शॉप खोलने का विरोध, स्थानीय लोगों में आक्रोश

Nainital News: खुरपाताल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले घटगढ़ गांव में वाइन शॉप खोलने के प्रस्ताव को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। शांतिप्रिय और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर इस गांव के निवासी अपने क्षेत्र की संस्कृति और शांति को बनाए रखने के पक्ष में हैं, ऐसे में वाइन शॉप खोलने के फैसले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले सरकार की ओर से यह आश्वासन दिया गया था कि इस न्याय पंचायत क्षेत्र में वाइन शॉप नहीं खोली जाएगी, लेकिन अब लिए गए इस फैसले से लोगों का भरोसा टूटता नजर आ रहा है। उन्होंने इसे जनता के विश्वास के साथ विश्वासघात बताया है।


स्थानीय लोगों ने यह भी चिंता जताई कि गांव जैसे सामाजिक रूप से संतुलित क्षेत्र में वाइन शॉप खुलने से माहौल खराब हो सकता है। इससे युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने और सामाजिक असंतुलन बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि क्षेत्र में अभी तक बुनियादी सुविधाओं की स्थिति ठीक नहीं है। सड़कें जर्जर हैं, पेयजल की समस्या बनी हुई है और अन्य आवश्यक सुविधाओं का अभाव है। ऐसे में इन समस्याओं के समाधान के बजाय वाइन शॉप खोलने को प्राथमिकता देना समझ से परे है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि लोकतंत्र में जनता की इच्छा सर्वोपरि होनी चाहिए और उनकी सहमति के बिना कोई भी निर्णय थोपना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की है कि सरकार इस फैसले पर पुनर्विचार करे और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर ध्यान दे।





















