लालकुआँ: दुग्ध उत्पादकों को 2 रुपये बढ़ोतरी की सौगात, प्रथम आने पर हिमानी देवी को मिले 25 हजार

लालकुआँ। नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के प्रशासनिक भवन प्रांगण में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और प्रबंध कमेटी के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र भर से आए दुग्ध उत्पादकों, महिलाओं और गणमान्य नागरिकों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। समारोह के दौरान स्वच्छ दूध उत्पादन पर गोष्ठी आयोजित की गई और जिला योजना के अंतर्गत दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य दीपा दरमवाल रहीं।
समारोह में दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा और संचालक मंडल के सदस्यों का पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में 826 से अधिक दुग्ध उत्पादकों की मौजूदगी से परिसर उत्साह और उमंग से भर गया। बताया गया कि अध्यक्ष मुकेश बोरा के आह्वान पर बड़ी संख्या में महिला दुग्ध उत्पादक भी कार्यक्रम में पहुंचीं।
स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित गोष्ठी में अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दूध की गुणवत्ता और स्वच्छता ही दुग्ध व्यवसाय की असली पहचान है। इससे उत्पादकों को बेहतर मूल्य और अधिक लाभ मिलता है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दुग्ध व्यवसाय से जुड़ी महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। संवाद कार्यक्रम में महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए दुग्ध व्यवसाय में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली महिलाओं को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला योजना के अंतर्गत दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। महिला डेयरी विकास योजना के तहत प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली महिला दुग्ध समिति हरिपुर कुंवर सिंह आनंदपुर तोक, हल्द्वानी की दुग्ध उत्पादक हिमानी देवी को 25 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली पुष्पा देवी को 15 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली दीपा देवी को 10 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। बताया गया कि हिमानी देवी प्रतिदिन लगभग 500 लीटर, पुष्पा देवी 350 लीटर तथा दीपा देवी 250 लीटर दूध नैनीताल दुग्ध संघ को आपूर्ति करती हैं।
इस अवसर पर अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध उत्पादकों को बड़ी सौगात देते हुए घोषणा की कि 15 अप्रैल से दूध के मूल्य में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि नैनीताल दुग्ध संघ का उद्देश्य दुग्ध उत्पादक किसानों का सर्वांगीण विकास करना और उनकी आय में वृद्धि करना है।
उन्होंने बताया कि प्रथम कार्यकाल (2018–24) में दुग्ध संघ द्वारा कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए, जिनसे किसानों और पशुपालकों को सीधा लाभ मिला। वहीं द्वितीय कार्यकाल (2024–26) में भी दुग्ध संघ को और अधिक मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पिछले सात वर्षों में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और सहकारिता व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं और सहयोग से दुग्ध व्यवसाय को नई दिशा मिल रही है।
कार्यक्रम का संचालन प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। इस अवसर पर डेयरी विकास विभाग के उपनिदेशक संजय उपाध्याय, यूसीडीएफ के आरएम तिवारी, संचालक मंडल सदस्य कृष्ण कुमार शर्मा, आनंद सिंह नेगी, दीपा बिष्ट, हेमा देवी, खष्टी देवी, पुष्पा देवी, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रभारी अभियंता राजेंद्र प्रसाद दुमका, सहायक प्रबंधक महिला डेयरी गीता ओझा सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी और दुग्ध उत्पादक मौजूद रहे।















