हल्द्वानी :विज्डम स्कूल में कृष्ण जन्माष्टमी पर नन्हे-मुन्नों ने बांधा समां

हल्द्वानी। विज्डम पब्लिक स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक राजेंद्र सिंह पोखरिया ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

जन्माष्टमी समारोह में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण, राधा, बलराम, देवकी, नंदबाबा, कंस और यशोदा आदि के रूप में आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की मनमोहक वेशभूषा और अभिनय ने सभी का मन मोह लिया। भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित भजनों से विद्यालय परिसर भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में प्रकृति और प्रज्ञा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अद्विका और पल्लवी द्वितीय स्थान पर रहीं। विद्यालय की ओर से विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रबंध निदेशक ने विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके संदेशों से प्रेरणा लेते हुए सदैव सन्मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रभारी शिल्पी पंतोला एवं सुधा सिंह, अरुण सिंह, कपिल सिंह तथा विद्यालय छात्र परिषद के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।






















