हल्द्वानी: जन्मदिन की पार्टी का खौफनाक अंत, चलती कार से गिरा सोमेश्वर का युवक, मौत… वीडियो वायरल

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। काठगोदाम थाना क्षेत्र में दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी मनाना 21 वर्षीय युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। गुरुवार देर रात जमरानी कॉलोनी (पनचक्की) के पास चलती कार से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि हादसे के बाद उसके दोस्त उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बजाय सड़क किनारे घायल हालत में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान तुलसी नगर (पाली सीट), काठगोदाम निवासी 21 वर्षीय पुष्कर कोहली के रूप में हुई है। पुष्कर निजी स्कूल की बस में कंडक्टर का काम करता था। उसके पिता एक रेस्टोरेंट में शेफ हैं। पुष्कर परिवार में दो भाइयों में सबसे बड़ा था और मूल रूप से सोमेश्वर के पोखरी गांव का रहने वाला था।

रात करीब 3 बजे तक कार में चल रही थी पार्टी

जानकारी के अनुसार, पुष्कर गुरुवार देर शाम चार दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि दोस्त कार में घूमते हुए ही पार्टी कर रहे थे। देर रात करीब 3 बजे तक वे कार से घूमते रहे और स्नैपचैट पर वीडियो भी बना रहे थे। इसी दौरान कार काठगोदाम की ओर पहुंची। जमरानी कॉलोनी के पास पुष्कर संदिग्ध परिस्थितियों में चलती कार के दरवाजे से नीचे सड़क पर गिर गया। दोस्तों का कहना है कि कार का दरवाजा खुलने के कारण पुष्कर नीचे गिरा।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानीः (बड़ी खबर)- आरटीओ ऑफिस में फायरिंग करने वाला अधिकारी सस्पेंड

घायल दोस्त को छोड़कर भागे साथी

पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद पुष्कर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़ा रहा। आरोप है कि उसके साथ मौजूद दोस्त उसे अस्पताल पहुंचाने के बजाय मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पुष्कर को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

सिर और गर्दन में गंभीर चोटें

पुष्कर के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें बताई जा रही हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और घटना के दौरान कार में मौजूद दोस्तों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: ग्रीनवूड्स ग्लोबल स्कूल में मची कृष्ण जन्मोत्सव और ग्रैंडपेरेंट्स डे की धूम

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पुष्कर वास्तव में कार का दरवाजा खुलने से गिरा था या घटना के पीछे कोई और वजह थी। स्नैपचैट पर बनाए गए वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा सकती है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

पहाड़ प्रभात डैस्क

समाजशास्त्र में मास्टर की डिग्री के साथ (MAJMC) पत्रकारिता और जनसंचार में मास्टर की डिग्री। पत्रकारिता में 15 वर्ष का अनुभव। अमर उजाला, वसुन्धरादीप सांध्य दैनिक में सेवाएं दीं। प्रिंट और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म में समान रूप से पकड़। राजनीतिक और सांस्कृतिक के साथ खोजी खबरों में खास दिलचस्‍पी। पाठकों से भावनात्मक जुड़ाव बनाना उनकी लेखनी की खासियत है। अपने लंबे करियर में उन्होंने ट्रेंडिंग कंटेंट को वायरल बनाने के साथ-साथ राजनीति और उत्तराखंड की संस्कृति पर लिखने में विशेषज्ञता हासिल की है। वह सिर्फ एक कंटेंट क्रिएटर ही नहीं, बल्कि एक ऐसे शख्स हैं जो हमेशा कुछ नया सीखने और ख़ुद को बेहतर बनाने के लिए तत्पर रहते हैं। देश के कई प्रसिद्ध मैगजीनों में कविताएं और कहानियां लिखने के साथ ही वह कुमांऊनी गीतकार भी हैं अभी तक उनके लिखे गीतों को कुमांऊ के कई लोकगायक अपनी आवाज दे चुके है। फुर्सत के समय में उन्हें संगीत सुनना, किताबें पढ़ना और फोटोग्राफी पसंद है। वर्तमान में पहाड़ प्रभात डॉट कॉम न्यूज पोर्टल और पहाड़ प्रभात समाचार पत्र के एडिटर इन चीफ है।