हल्द्वानी: ग्रीनवूड्स ग्लोबल स्कूल में मची कृष्ण जन्मोत्सव और ग्रैंडपेरेंट्स डे की धूम

हल्द्वानी। आनंदपुर स्थित ग्रीनवूड्स ग्लोबल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्री-प्राइमरी विंग में गुरुवार को कृष्ण जन्मोत्सव एवं ग्रैंडपेरेंट्स डे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के अध्यक्ष हिम्मत सिंह, मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान मनीष सिंह कुल्याल तथा बीडीसी सदस्य हेमा दरम्वाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में सुंदर नृत्य, भजन और गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। हांडी फोड़ कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
ग्रैंडपेरेंट्स डे के अवसर पर बच्चों ने दादा-दादी के सम्मान में भावपूर्ण स्किट प्रस्तुत की। स्किट के माध्यम से बच्चों ने परिवार में बुजुर्गों के महत्व और उनके प्रति सम्मान का संदेश दिया। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम ने बच्चों में भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और बुजुर्गों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
























