हल्द्वानी: सीएम धामी ने दी नैनीताल को सौगात , 39 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

नैनीताल। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद नैनीताल में कुल 39 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं की कुल लागत 13,255.56 लाख रुपये बताई गई है। सरकार का कहना है कि इन योजनाओं के माध्यम से जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने और जनसुविधाओं का विस्तार करने में मदद मिलेगी।
आधिकारिक विवरण के अनुसार 23 योजनाओं का लोकार्पण किया गया, जिन पर 7,238.00 लाख रुपये खर्च हुए हैं, जबकि 16 योजनाओं का शिलान्यास किया गया है, जिनकी लागत 6,017.56 लाख रुपये है।


विधानसभा क्षेत्रवार विवरण के मुताबिक नैनीताल क्षेत्र में 1 योजना का लोकार्पण 546.75 लाख रुपये की लागत से किया गया। हल्द्वानी विधानसभा में 5 योजनाएं शामिल हैं, जिनमें 2 का लोकार्पण और 3 का शिलान्यास किया गया, इन पर 2,971.06 लाख रुपये व्यय होंगे। भीमताल में 5 योजनाएं (1 लोकार्पण, 4 शिलान्यास) 2,268.27 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत की गई हैं।
कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में 11 योजनाएं (4 लोकार्पण, 7 शिलान्यास) 2,283.33 लाख रुपये की लागत से जुड़ी हैं। वहीं लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 17 योजनाएं (15 लोकार्पण, 2 शिलान्यास) 5,186.15 लाख रुपये की लागत से संबंधित हैं।
इन योजनाओं में सड़क निर्माण, भवन निर्माण, स्थानीय अवसंरचना विकास तथा अन्य जनहित से जुड़े कार्य शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार परियोजनाओं के पूर्ण होने पर क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।













