हल्द्वानीः बहन से मिलने आये भाई की घर लौटते समय मौत, बागेश्वर से आया था बिन्दुखत्ता

Haldwani News: लालकुआं के बिंदुखत्ता क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। इंदिरा नगर द्वितीय में हुए इस हादसे में 26 वर्षीय संतोष भट्ट की मौत हो गई। वह अपनी बहन से मिलने आया था, लेकिन यह मुलाकात उसकी आखिरी साबित हुई।
जानकारी के अनुसार, बागेश्वर निवासी संतोष भट्ट देहरादून की एक निजी कंपनी में कार्यरत था और छुट्टी के दौरान अपनी बहन के घर बिंदुखत्ता आया हुआ था। शनिवार देर रात करीब 11 बजे वह स्कूटी से घर लौट रहा था। इसी दौरान इंदिरा नगर स्थित दानू स्कूल के पास अचानक सामने आए एक जानवर को बचाने की कोशिश में उसकी स्कूटी फिसल गई और वह सिर के बल सड़क पर गिर पड़ा।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने 108 और 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बहन, जिससे मिलने वह आया था, गहरे सदमे में है और पूरे घर में मातम पसरा हुआ है।
बताया जा रहा है कि संतोष अपने परिवार में एक भाई और दो बहनों में से एक था। उसकी असमय मौत से परिवार की खुशियां उजड़ गईं। वहीं क्षेत्र में भी इस घटना के बाद शोक की लहर है और लोग इस हादसे से स्तब्ध हैं।























