हल्द्वानी:(बड़ी खबर)- मौत के बाद वसूली, चंदन हॉस्पिटल में मानवता हुई शर्मसार

पैसे नहीं तो शव नहीं, पुलिस हस्तक्षेप के बाद सौंपा गया शव
Haldwani News: हल्द्वानी स्थित चंदन हॉस्पिटल में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पहाड़ से इलाज के लिए लाई गई एक महिला की महज दो घंटे के भीतर इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों को 80 हजार रुपये का भारी-भरकम बिल थमा दिया और रकम न चुकाने पर शव सौंपने से इनकार कर दिया।
आर्थिक रूप से कमजोर परिजन किसी तरह 57 हजार रुपये का इंतजाम कर पाए, लेकिन इसके बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने शव देने से मना कर दिया। मजबूर होकर परिजनों ने पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही हल्द्वानी पुलिस मौके पर पहुंची और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए सख्ती दिखाई। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद ही अस्पताल प्रबंधन को शव परिजनों को सौंपना पड़ा।
बताया जा रहा है कि चंदन हॉस्पिटल को लेकर पहले भी लगातार शिकायतें सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह अस्पताल इलाज के नाम पर लूट का अड्डा बन चुका है, जहां बाहर से आने वाले कुमाऊं के लोगों को निशाना बनाया जाता है। इससे पहले भी मरीज की मौत को लेकर अस्पताल में हंगामा हो चुका है।
लगातार सामने आ रही शिकायतों और घटनाओं के चलते चंदन हॉस्पिटल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल की कथित लापरवाही और अमानवीय व्यवहार के चलते यह मामला अब पूरे उत्तराखंड में चर्चा का विषय बन गया है।



















