पिथौरागढ़ में दर्दनाक हादसा: सुनी पुल के पास जीप नदी में गिरी, आठ की मौत, छह घायल

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मंगलवार शाम मुवानी से बोकटा जा रही एक जीप अनियंत्रित होकर सुनी पुल के पास गहरी नदी में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें दो स्कूली बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

हादसा शाम करीब पांच बजे हुआ जब करीब 52 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय से बोकटा की ओर जा रहा वाहन सुनी पुल के पास अचानक नदी में गिर गया। जीप में कुल 14 लोग सवार थे। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया।
मृतकों की पहचान:
- सिमरन (8) पुत्री कुंदन सिंह
- तनुजा (14) पुत्री चंद्र सिंह
- विनीता (15) पुत्री चंद्र सिंह
- नरेंद्र सिंह (40) पुत्र चंद्र सिंह (वाहन चालक)
- राजन सिंह (60) पुत्र किशन सिंह
- होशियार सिंह (65) पुत्र भीम सिंह
- शांति देवी (50) पत्नी केशव राम
- दीक्षा (26) पत्नी पंकज बोरा
घायल यात्रियों के नाम:
- विनीता (20) पुत्री बहादुर सिंह
- योगेश कुमार पुत्र किशन राम (छात्र)
- श्याम सिंह मुनौला (35) पुत्र बहादुर सिंह
- दीवान सिंह (55) पुत्र भीम सिंह
- सुमित सिंह (22) पुत्र प्रवीण सिंह
- पूजा मुनौला (30) पत्नी कुंदन सिंह मुनौला
घायलों को नदी से निकालकर सड़क तक लाने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। सभी मृतक बोकटा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। गांव में मातम का माहौल है।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया शोक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा,
“जनपद पिथौरागढ़ के मुवानी क्षेत्र में वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम पीड़ा सहन करने की शक्ति प्रदान करें। जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देशित किया गया है।”












