देहरादून:(बड़ी खबर)- युवाओं के लिए खुशखबरी, 1649 प्राथमिक शिक्षकों की होगी भर्ती

देहरादून। प्रदेश के सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को पूरा करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सहायक अध्यापक (प्राइमरी) के 1649 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में शासन ने शनिवार को शिक्षा विभाग को प्रक्रिया प्रारंभ करने के आदेश भी दे दिए हैं।
शिक्षा मंत्री डॉ. रावत ने बताया कि प्रदेश के सरकारी प्राथमिक स्कूलों में कुल 2100 पद रिक्त हैं। इनमें से 451 पदों पर भर्ती प्रक्रिया न्यायालय में विचाराधीन है। शेष 1649 पदों पर शीघ्र भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) अपने-अपने जिलों में इन पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया संचालित करेंगे।
शासन स्तर से अपर सचिव एम.एम. सेमवाल ने इस संबंध में प्राथमिक शिक्षा निदेशक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भेज दिए हैं।
मंत्री ने बताया कि सरकार का उद्देश्य प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाना है। पिछले दो वर्षों में प्रदेशभर में तीन हजार से अधिक प्राथमिक शिक्षक नियुक्त किए जा चुके हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि कुछ अभ्यर्थियों के एनआईओएस डीएलएड प्रमाणपत्र को मान्यता देने को लेकर भर्ती प्रक्रिया पहले न्यायालय में अटकी हुई थी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सरकार ने बेसिक शिक्षक सेवा नियमावली में संशोधन कर वर्ष 2017 से 2019 तक के एनआईओएस डीएलएड प्रशिक्षुओं को भर्ती में शामिल कर लिया है। साथ ही एलटी (विशेष शिक्षा) के पदों को भी नियमावली में सम्मिलित किया गया है।


















