हल्द्वानी: गौलापर में NSS विशेष शिविर का तीसरा दिन, स्वच्छता और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

हल्द्वानी। राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर, किशनपुर गोलापार की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा आयोजित सप्तदिवसीय “विशेष शिविर” के तृतीय दिवस का कार्यक्रम शुक्रवार, 13 मार्च 2026 को श्री हरि गोपाल बैंक्विट परिसर, किशनपुर गोलापार में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः वंदना के साथ मां शारदे के श्रीचरणों में दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद स्वयंसेवियों ने सरस्वती वंदना, लक्ष्य गीत, अभिनंदन गीत तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दींl
सहायक कार्यक्रम अधिकारी गौरव जोशी ने तृतीय दिवस की रूपरेखा स्वयंसेवियों के समक्ष प्रस्तुत की। कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं समाजसेवियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए स्वयंसेवियों को समाज सेवा के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
शारीरिक सत्र के अंतर्गत महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर संजय कुमार ने सभी स्वयंसेवियों को शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक संख्या में विशेष शिविर में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद योग प्रशिक्षक श्रीमती चंद्रकला के निर्देशन में स्वयंसेवियों ने विभिन्न योगासन और व्यायाम किए।
तत्पश्चात स्वयंसेवियों ने NSS गीत गाते हुए ग्राम बसंतपुर और गंगापुर में “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” विषय पर नुक्कड़ नाटक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई भी की गई।
विशेष शिविर के बौद्धिक सत्र में उजाला सिग्नस सेंट्रल हॉस्पिटल की ओर से निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बीपी, शुगर, नेत्र जांच तथा जनरल फिजिशियन द्वारा निशुल्क परामर्श दिया गया। मेडिकल टीम में जनरल फिजिशियन डॉ. प्रदीप कुमार, ऑप्टोमेट्रिस्ट अमित कुमार, नर्सिंग स्टाफ महिमा आर्य, जीडीए अनीता, मार्केटिंग इंचार्ज पंकज लेखा, मार्केटिंग मैनेजर मनोज जोशी और स्टाफ राकेश वर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता राष्ट्रीय सेवा योजना की यूनिवर्सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. शिवांगी चनियाल ने स्वयंसेवियों को सरकार की विभिन्न योजनाओं और NSS के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा पूरे शिविर कार्यक्रम का निरीक्षण भी किया।
शिविर के दौरान स्वयंसेवियों ने सामूहिक रूप से भोजन की व्यवस्था भी की। सुबह के नाश्ते में चाय और दलिया, दोपहर में दाल, चावल, सब्जी, सलाद और रायता तथा रात्रि भोजन में रोटी, सब्जी, फ्राइड राइस और सलाद तैयार किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अर्चना जोशी ने किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। शिविर को सफल बनाने में सहायक कार्यक्रम अधिकारी गौरव जोशी और डॉ. किरण जोशी का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. डी.सी. पांडे, डॉ. भारती बहुगुणा, डॉ. प्रकाश मठपाल, डॉ. बसंत कुमार नेगी, डॉ. बुशरा, डॉ. सुरेश जोशी, डॉ. रीमा आर्य, डॉ. आशीष अंशु, डॉ. कंचन जोशी, डॉ. सुरभि गुप्ता, डॉ. भुवन मठपाल, डॉ. पूजा ध्यानी सहित समस्त कर्मचारी, स्वयंसेवी और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहेl












