चम्पावत: मुख्यमंत्री ने वर्चुअल रूप से ज्ञान केन्द्रों, डायलिसिस मशीन एवं नगर निकाय वेबसाइटों का किया उद्घाटन

खबर शेयर करें

Champawat News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से जनपद चम्पावत में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं नगरीय सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में तीन महत्वपूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इन पहलों से जनपद के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ जीवन स्तर में गुणात्मक सुधार की दिशा में उल्लेखनीय कदम बढ़ाया गया है।

इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री ने नगरपालिका परिषद् चम्पावत, लोहाघाट एवं टनकपुर की आधुनिक, सुरक्षित एवं उपयोगकर्ता-अनुकूल वेबसाइटों का अनावरण, विभिन्न मुख्यमंत्री ज्ञान केन्द्रों का लोकार्पण तथा उप जिला चिकित्सालय टनकपुर में अत्याधुनिक डायलिसिस मशीन का शुभारम्भ किया।

Ad Ad

माननीय मुख्यमंत्री द्वारा जनपद में स्थापित मुख्यमंत्री ज्ञान केन्द्रों का लोकार्पण किया गया, जिनमें शक्ति कक्ष जिला पुस्तकालय चम्पावत, राजकीय प्राथमिक विद्यालय पाटी, सैन्दर्क, नौमाना सहित अन्य स्थानों पर संचालित केन्द्र शामिल हैं। ये ज्ञान केन्द्र विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षिक संसाधन, गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री एवं शांत अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराकर शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएंगे।

इन ज्ञान केन्द्रों के माध्यम से जनपद के दुर्गम एवं दूरस्थ ग्रामों के छात्र-छात्राओं को उनके ही गांव में वर्ष भर 24×7 पठन-पाठन से संबंधित समस्त आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। ये केन्द्र अनुपयोगी शासकीय भवनों एवं विद्यालय भवनों में स्थापित किए गए हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि भविष्य में जनपद के अन्य अनुपयोगी शासकीय भवनों एवं संरचनाओं में भी ऐसे ज्ञान केन्द्रों के विस्तार की योजना है, जिससे अधिक से अधिक ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ा जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  धामी सरकार का कर्मचारियों को तोहफा, मानदेय बढ़ोतरी से लेकर बीमा तक कई फैसले

इस अवसर पर राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पल्सों की कक्षा 09 की छात्रा पूजा भट्ट तथा छात्र मनोज जोशी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ज्ञान केन्द्र के माध्यम से उन्हें अपने गांव में ही पढ़ाई की बेहतर सुविधाएँ मिल रही हैं। साथ ही उनके बड़े भाई-बहनों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु आवश्यक संसाधन गांव में ही सुलभ हो रहे हैं।

माननीय मुख्यमंत्री द्वारा उप जिला चिकित्सालय टनकपुर में स्थापित अत्याधुनिक डायलिसिस मशीन का भी लोकार्पण किया गया। यह मशीन कोटक महिंद्रा बैंक द्वारा सीएसआर (CSR) मद से लगभग 13 लाख रुपये की लागत से उपलब्ध कराई गई है। डायलिसिस सेवा प्रारम्भ होने से किडनी रोग से पीड़ित मरीजों को अब उपचार हेतु अन्य शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे समय, धन एवं मानसिक तनाव की बचत होगी। यह सुविधा स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में जनपद के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानीः (बड़ी खबर)- 2 अप्रैल यानी कल इन जगहों पर बंटेगी गैस, देखिए अपने क्षेत्र का नाम

माननीय मुख्यमंत्री ने जनपद के लोहाघाट, चम्पावत एवं टनकपुर नगर निकायों की आधुनिक वेबसाइटों का भी लोकार्पण किया। इन वेबसाइटों के माध्यम से नगरीय प्रशासन में पारदर्शिता एवं सुचिता को बढ़ावा मिलेगा तथा शासन और नागरिकों के मध्य संवाद अधिक सशक्त एवं प्रभावी होगा। अब नागरिक घर बैठे ही यूज़र चार्ज का भुगतान, विभिन्न ऑनलाइन आवेदन, शिकायत निस्तारण, प्रमाण पत्रों से संबंधित सेवाएँ एवं अन्य नगरीय सुविधाओं का लाभ सरल, सुरक्षित एवं त्वरित रूप से प्राप्त कर सकेंगे।

इस अवसर पर गोविन्द वर्मा, अध्यक्ष नगरपालिका परिषद् लोहाघाट, प्रेमा पाण्डे, अध्यक्षा नगरपालिका परिषद् चम्पावत एवं विपिन वर्मा, अध्यक्ष नगरपालिका परिषद् टनकपुर ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ये योजनाएँ जनपद के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी।

माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनपद चम्पावत में ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के लिए की गई ये पहलें अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगी। एक ओर जहां अनुपयोगी भवनों में ज्ञान केन्द्रों के संचालन से शिक्षा के स्तर में सुधार होगा, वहीं युवाओं को अपने घर से दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। गांव में ही बेहतर शैक्षिक संसाधन उपलब्ध होने से पलायन पर भी प्रभावी नियंत्रण लगेगा।

यह भी पढ़ें 👉  धामी सरकार की पहल, ITBP-जवानों की थाली में होगा पहाड़ का स्वाद

माननीय मुख्यमंत्री ने टनकपुर उप जिला चिकित्सालय में सीएसआर मद से डायलिसिस मशीन उपलब्ध कराने हेतु कोटक महिंद्रा बैंक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे टनकपुर एवं बनबसा क्षेत्र के लोगों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ भी मिलेगा। साथ ही नगर निकायों की वेबसाइटों के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल इंडिया विजन के अनुरूप पारदर्शी, सरल एवं प्रभावी सेवाएँ सुनिश्चित होंगी, जिससे जनता का विश्वास और अधिक सुदृढ़ होगा।

कार्यक्रम का संचालन जिलाधिकारी मनीष कुमार ने किया, इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, जिला अध्यक्ष भाजपा गोविंद सामंत, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, जिला पंचायत सदस्य शैलेश जोशी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, कोटक महिंद्रा बैंक के सीएसआर कंसलटेंट शोभित अग्रवाल, मुख्यमंत्री ज्ञान केन्द्रों के छात्र-छात्राएँ, उप जिला चिकित्सालय टनकपुर के अधिकारी-कर्मचारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

पहाड़ प्रभात डैस्क

समाजशास्त्र में मास्टर की डिग्री के साथ (MAJMC) पत्रकारिता और जनसंचार में मास्टर की डिग्री। पत्रकारिता में 15 वर्ष का अनुभव। अमर उजाला, वसुन्धरादीप सांध्य दैनिक में सेवाएं दीं। प्रिंट और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म में समान रूप से पकड़। राजनीतिक और सांस्कृतिक के साथ खोजी खबरों में खास दिलचस्‍पी। पाठकों से भावनात्मक जुड़ाव बनाना उनकी लेखनी की खासियत है। अपने लंबे करियर में उन्होंने ट्रेंडिंग कंटेंट को वायरल बनाने के साथ-साथ राजनीति और उत्तराखंड की संस्कृति पर लिखने में विशेषज्ञता हासिल की है। वह सिर्फ एक कंटेंट क्रिएटर ही नहीं, बल्कि एक ऐसे शख्स हैं जो हमेशा कुछ नया सीखने और ख़ुद को बेहतर बनाने के लिए तत्पर रहते हैं। देश के कई प्रसिद्ध मैगजीनों में कविताएं और कहानियां लिखने के साथ ही वह कुमांऊनी गीतकार भी हैं अभी तक उनके लिखे गीतों को कुमांऊ के कई लोकगायक अपनी आवाज दे चुके है। फुर्सत के समय में उन्हें संगीत सुनना, किताबें पढ़ना और फोटोग्राफी पसंद है। वर्तमान में पहाड़ प्रभात डॉट कॉम न्यूज पोर्टल और पहाड़ प्रभात समाचार पत्र के एडिटर इन चीफ है।