अल्मोड़ा: बसौली के समीप कार खाई में गिरी, 11 माह के मासूम समेत तीन की मौत

खबर शेयर करें

Almora Accident News: अल्मोड़ा जिले में होली से ठीक पहले एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। ताकुला–अल्मोड़ा मोटर मार्ग पर बसौली के समीप गुरुवार को एक ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 11 माह के मासूम सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार कार संख्या DL-9-C-BH-8402 ताकुला से अल्मोड़ा की ओर जा रही थी। बसौली के पास चालक अर्जुन कुमार (35) अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार गहरी खाई में समा गई। दुर्घटना में 11 माह के रेहान पुत्र महेश आर्या, मंजू देवी (24) पत्नी गोपाल राम निवासी कांडे तथा दिनेश राम (45) पुत्र तिलराम निवासी झिझाड़ की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

घायलों में महेश आर्य (28) निवासी थपनियां, गोपाल राम (50) पुत्र शेर राम, जया (45) पत्नी महेश राम निवासी थपनियां, संजय कुमार (18) निवासी कांडे और चालक अर्जुन कुमार (35) पुत्र केशो राम निवासी फतेहपुर बेरी, साउथ दिल्ली शामिल हैं।

सूचना मिलते ही चौकी ताकुला पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों और अल्मोड़ा से पहुंची फायर सर्विस टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ताकुला पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि सभी लोग झिझाड़ गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर दिल्ली लौट रहे थे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

पहाड़ प्रभात डैस्क

समाजशास्त्र में मास्टर की डिग्री के साथ (MAJMC) पत्रकारिता और जनसंचार में मास्टर की डिग्री। पत्रकारिता में 15 वर्ष का अनुभव। अमर उजाला, वसुन्धरादीप सांध्य दैनिक में सेवाएं दीं। प्रिंट और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म में समान रूप से पकड़। राजनीतिक और सांस्कृतिक के साथ खोजी खबरों में खास दिलचस्‍पी। पाठकों से भावनात्मक जुड़ाव बनाना उनकी लेखनी की खासियत है। अपने लंबे करियर में उन्होंने ट्रेंडिंग कंटेंट को वायरल बनाने के साथ-साथ राजनीति और उत्तराखंड की संस्कृति पर लिखने में विशेषज्ञता हासिल की है। वह सिर्फ एक कंटेंट क्रिएटर ही नहीं, बल्कि एक ऐसे शख्स हैं जो हमेशा कुछ नया सीखने और ख़ुद को बेहतर बनाने के लिए तत्पर रहते हैं। देश के कई प्रसिद्ध मैगजीनों में कविताएं और कहानियां लिखने के साथ ही वह कुमांऊनी गीतकार भी हैं अभी तक उनके लिखे गीतों को कुमांऊ के कई लोकगायक अपनी आवाज दे चुके है। फुर्सत के समय में उन्हें संगीत सुनना, किताबें पढ़ना और फोटोग्राफी पसंद है। वर्तमान में पहाड़ प्रभात डॉट कॉम न्यूज पोर्टल और पहाड़ प्रभात समाचार पत्र के एडिटर इन चीफ है।