Breaking: सामने आया कालाढूंगी फायरिंग कांड का सच, तीन गिरफ्तार, देशी पिस्टल, एक 22 बोर तमंचा और पांच जिंदा कारतूस बरामद

कालाढूंगी। नैनीताल जिले में गुण्डागर्दी और अवैध असलहों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कालाढूंगी क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से दो देशी पिस्टल, एक .22 बोर तमंचा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
घटना 14 फरवरी 2026 की रात की है, जब चौकी बेलपड़ाव को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि हल्द्वानी रोड पर बैलपोखरा गांव जाने वाले तिराहे के पास कुछ लोगों के बीच आपसी झगड़ा और फायरिंग हुई है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी रामनगर, प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वीडियोग्राफी कराई और मौके से 11 खोखे 32 बोर तथा 2 खोखे .22 बोर के बरामद किए।
16 फरवरी 2026 को वादिनी बलजीत कौर पत्नी लवप्रीत सिंह निवासी ग्राम बच्चीनगर, थाना कालाढूंगी ने रंजीत सिंह, मनदीप सिंह उर्फ मंगा, गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर के आधार पर कोतवाली कालाढूंगी में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज जोशी को सौंपी गई।
विगत 20 फरवरी 2026 को गडप्पू बैरियर के पास से तीनों नामजद आरोपी गुरप्रीत सिंह, रंजीत सिंह और मनदीप सिंह उर्फ मंगा को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध असलहे और कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ में सामने आया कि पीड़ित के पति लवप्रीत के मित्र हरभजन की रंजीत सिंह से पुरानी रंजिश थी। घटना की रात हरभजन ने रंजीत को मौके पर बुलाया, जहां गाली-गलौज और मारपीट के दौरान आरोपियों ने फायरिंग कर दी।
आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है। इनके विरुद्ध न्यायालय से गैर-जमानती वारंट भी जारी किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी रंजीत सिंह के विरुद्ध पूर्व में मामला दर्ज है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज जोशी, दीपक बिष्ट, राजवीर सिंह, राजेश जोशी (SOG प्रभारी), देवेंद्र राणा सहित कुल 13 पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही। एसएसपी नैनीताल ने पूरी टीम की तत्परता और साहस की सराहना करते हुए उन्हें नगद पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया।



















