उत्तराखंड:विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, खंड शिक्षा अधिकारी 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

हरिद्वार। विजिलेंस टीम ने आज हरिद्वार में बड़ी कार्रवाई करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) बहादराबाद ब्रज पाल सिंह राठौर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सह अभियुक्त मुकेश, प्रभारी प्रधानाध्यापक मंगोलपुर, ने खंड शिक्षा अधिकारी की ओर से रिश्वत की मांग की थी। आरोप है कि खंड शिक्षा अधिकारी ने पुलिस मॉडर्न स्कूल, 40 बटालियन पीएसी, हरिद्वार की मान्यता के औपबंधिक (नवीनीकरण) प्रमाणपत्र जारी करने के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
पीड़ित की शिकायत पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और आज कार्रवाई करते हुए अधिकारी को रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि गिरफ्तार खंड शिक्षा अधिकारी ब्रज पाल सिंह राठौर की पत्नी देहरादून में सीओ के पद पर तैनात हैं।



















