हल्द्वानी: विज्डम स्कूल में छात्र महोत्सव की धूम, लोकनृत्य प्रतियोगिता में बद्रीनाथ सदन प्रथम

हल्द्वानी। विज्डम स्कूल परिसर में शनिवार को छात्र महोत्सव की रंगारंग धूम रही। ज्ञानार्जन के साथ-साथ विद्यार्थियों के समग्र विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विद्यालय में अंतरसदनीय नृत्य-संगीत प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न राज्यों के लोकनृत्य प्रस्तुत कर विद्यार्थियों ने समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचय कराया।

प्रतियोगिता में गंगोत्री सदन, यमुनोत्री सदन, केदारनाथ सदन एवं बद्रीनाथ सदन के चयनित विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। निर्णायक मंडल ने प्रस्तुति, लयबद्धता, परिधान और भाव-भंगिमा के आधार पर प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। अंततः बद्रीनाथ सदन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि यमुनोत्री सदन द्वितीय स्थान पर रहा।

कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में राजकुमार और अमित राणा शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका डिंपल कोठारी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक राजेन्द्र सिंह पोखरिया ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेना विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने भारत की “एकता में अनेकता” की परंपरा पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को विभिन्न प्रतियोगिताओं में सक्रिय रूप से प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।