हल्द्वानी में फिर कब्जे की कोशिश, नगर निगम ने विरोध के बावजूद ढहाया कब्जा

हल्द्वानी। शहर में नजूल भूमि पर अतिक्रमण की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। नगर निगम की ओर से लगातार चलाए जा रहे अभियान के बावजूद अतिक्रमणकारी दोबारा कब्जा करने से बाज नहीं आ रहे। ताजा मामला राजपुरा क्षेत्र का है, जहां करीब ढाई वर्ष पहले मुक्त कराई गई भूमि पर फिर से अवैध निर्माण शुरू कर दिया गया था।
बुधवार को नगर आयुक्त परितोष वर्मा राजपुरा स्थित अस्थायी गोशाला का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि पास की नजूल भूमि पर एक व्यक्ति पार्किंग स्थल बनाने की तैयारी कर रहा है। बताया गया कि लगभग 2100 वर्गफुट भूमि पर कब्जे की नीयत से दीवार खड़ी कर गेट भी लगा दिया गया है।
सूचना मिलते ही निगम की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभ में संबंधित व्यक्ति ने कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया कि नजूल भूमि पर किसी भी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके बाद टीम ने तत्काल अवैध दीवार और गेट को ध्वस्त कर भूमि को पुनः अतिक्रमण मुक्त करा दिया।
नगर आयुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में जहां-जहां नजूल भूमि चिन्हित है, वहां नियमित निगरानी रखी जाए और दोबारा कब्जे की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक भूमि पर किसी भी तरह का अवैध निर्माण शहर की व्यवस्था और विकास में बाधा है, जिसे हर हाल में रोका जाएगा।
कार्रवाई के दौरान सहायक लेखाधिकारी गणेश भट्ट, सफाई निरीक्षक अमोल असवाल सहित निगम की टीम मौजूद रही। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोबारा कब्जा करने वालों पर जुर्माना एवं कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।


















