अल्मोड़ा: ममता खाती ने अमेरिका में लहराया तिरंगा, वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में जीते 6 मेडल

अल्मोड़ा। जनपद अल्मोड़ा की पुलिस लाइन में नियुक्त महिला आरक्षी ममता खाती ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने अमेरिका के बर्मिंघम, अलबामा शहर में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए एक स्वर्ण और पांच रजत पदक जीतकर उत्तराखंड और देश को गौरवान्वित किया।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 27 जून से 7 जुलाई तक आयोजित की गई थी, जिसमें 70 से अधिक देशों के करीब 8500 खिलाड़ी शामिल हुए। इस प्रतिस्पर्धा में ममता खाती ने अनुशासन, मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय देते हुए बेहतरीन खेल कौशल दिखाया।

ममता की इस उपलब्धि पर जनपद पुलिस में खुशी की लहर दौड़ गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देवेंद्र पींचा सहित तमाम पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी और भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। एसएसपी ने कहा कि ममता जैसी प्रतिभाएं पूरे विभाग के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने पुलिस कर्मियों और युवाओं से भी आह्वान किया कि वे खेलों को जीवन का हिस्सा बनाएं और अपनी क्षमताओं का विकास करें।
ममता खाती की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया है कि समर्पण और मेहनत के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं। उनकी सफलता ना केवल अल्मोड़ा पुलिस बल, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है।