देहरादून: राजपुर फायरिंग हत्याकांड में 3 और आरोपी गिरफ्तार

Dehradun News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सख्त निर्देशों के बाद प्रदेशभर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज हो गया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत देहरादून पुलिस ने विभिन्न मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए कई बड़ी सफलताएं हासिल की हैं।
राजपुर क्षेत्र में हुई फायरिंग और हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए तीन और आरोपियों आदेश गिरी, समीर चौधरी और मोहित अरोड़ा को गिरफ्तार किया है। यह घटना बार में हुए विवाद के बाद दो पक्षों के बीच पीछा करने और फायरिंग से जुड़ी थी, जिसमें मॉर्निंग वॉक पर निकले एक बुजुर्ग की गोली लगने से मौत हो गई थी। इससे पहले भी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
18.5 लाख की डकैती का फरार आरोपी ऋषिकेश से दबोचा
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के अलीबाग में हुई 18.5 लाख रुपये की डकैती के मामले में फरार चल रहे आरोपी योगेश रमेश लहारे को देहरादून पुलिस और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने ऋषिकेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से की गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद उसे महाराष्ट्र पुलिस को सौंप दिया गया।
उड़ीसा के कटक से जेल तोड़कर फरार हुए 1 लाख रुपये के इनामी अपराधी राजा साहनी को भी पुलिस ने ऋषिकेश से गिरफ्तार किया है। देहरादून और टिहरी पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को वाहन सहित पकड़ा। आरोपी के खिलाफ कई राज्यों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
देहरादून पुलिस ने ट्रैफिक पुलिस और कैंटोनमेंट बोर्ड के साथ मिलकर डाकरा बाजार में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान कई अवैध कब्जे हटाए गए और 20 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही नो पार्किंग में खड़े 8 वाहनों को हटाकर चालान किया गया।
डीजीपी दीपम सेठ ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत पूरे प्रदेश में सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ-साथ होटल, पीजी, हॉस्टल और धर्मशालाओं में ठहरने वालों का सत्यापन किया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वाले पब और बार के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की बढ़ी सक्रियता से प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाए जा रहे हैं।





















