द्वाराहाट: 25 ग्राम पंचायतों में चला 10 दिवसीय पर्यावरण संरक्षण अभियान

द्वाराहाट। द हंगर प्रोजेक्ट, नई दिल्ली के तत्वावधान में 8 सितम्बर से 17 सितम्बर 2025 तक द्वाराहाट ब्लॉक की 25 ग्राम पंचायतों में 10 दिवसीय पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान एराडी, मनेला, कामा, धनखल, छानागोलू, पनेरगांव, भंडर गांव, सकुनी, बासुलीसेरा, नौसार, रावतसेरा, रवाड़ी, बाड़ी, पारकोट, बिन्ता, भतौरा, अल्मिया, मेल्टा, इडासेरा, मटेला, नायल आदि पंचायतों में जाकर लोगों को क्लाइमेट चेंज के प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। ग्रामीणों को पेड़ लगाने व उनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही पारंपरिक जल स्रोतों—नौले, धारों और झरनों—के महत्व को समझाते हुए इनके संरक्षण और आसपास वृक्षारोपण की अपील की गई।
अभियान में बताया गया कि अत्यधिक पेड़ कटान से गर्मी लगातार बढ़ रही है, हिमालयी ग्लेशियर पिघल रहे हैं और असामान्य वर्षा व अतिवृष्टि की समस्या बढ़ रही है। ग्रामीणों को प्लास्टिक के दुष्प्रभाव और इसके उपयोग को कम करने के उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया। इस अवसर पर गिरीश जोशी (समन्वयक), भगवती गोस्वामी, केवल चंद, दया नेगी सहित विभिन्न पंचायतों की महिला सदस्य भी सक्रिय रूप से शामिल रहीं।

 























 
						





